

देहरादून। कोटद्वार में एक होटल की फायर एनओसी जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में विजिलेंस ने अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को गिरफ्तार किया है। विजिलेंस टीम ने बुधवार को अधिकारी को छह हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी पर होटल की फायर एनओसी जारी करने के लिए 20 हजार रुपये मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, कोटद्वार के एक होटल की फायर एनओसी जारी करने के एवज में अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी ने होटल संचालक से 20 हजार रुपये की मांग की थी। इससे परेशान होकर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस से शिकायत की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद विजिलेंस ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
योजनाबद्ध कार्रवाई के तहत विजिलेंस टीम ने बुधवार को अधिकारी को छह हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस ने आरोपी के आवास और कार्यालय की भी तलाशी ली। मामले में आगे की जांच की जा रही है।



