

अल्मोड़ा(आरएनएस)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में निर्वाचन संबंधी तैयारियों की अद्यतन जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से फॉर्म-6 और फॉर्म-7 की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित प्रकरणों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा मतदान केंद्रों पर आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं, केंद्रों के भौतिक सत्यापन और निर्वाचन से जुड़ी अन्य प्रारंभिक तैयारियों की भी जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया होने के साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों की बड़ी जिम्मेदारी भी है। स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराना सभी अधिकारियों का सामूहिक दायित्व है। इसके लिए प्रत्येक अधिकारी को सौंपे गए कार्यों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना होगा।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का भली-भांति परीक्षण करने के निर्देश दिए। कहा कि यदि किसी स्तर पर कोई समस्या या कमी सामने आती है तो उसका समय रहते समाधान किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने को कहा। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी, उपजिलाधिकारी स्नेहिल कुंवर सिंह, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, उपजिलाधिकारी रिंकू बिष्ट, सुनील कुमार, सौम्या गर्ब्याल और याक्षी अरोड़ा उपस्थित रहे।




