

अल्मोड़ा। उत्तराखंड राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री एके सिकन्दर पंवार ने बुधवार को विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सफाई कर्मचारियों के हितों, कल्याणकारी योजनाओं और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सफाई कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
बैठक में पंवार ने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके अधिकारों, हितों और कल्याण के प्रति सभी संबंधित विभागों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समय पर निस्तारण सुनिश्चित करने और शासन की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र कर्मचारियों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक प्रयास करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है। आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करें और नागरिकों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करें।आयोग के उपाध्यक्ष ने स्वच्छता और सफाई कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े मामलों में सभी विभागों को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में परियोजना निदेशक केएन तिवारी, सहायक निदेशक मत्स्य अवनीश सिंह देव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




