

अल्मोड़ा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सोमवार को केंद्रीय विद्यालय अल्मोड़ा में ‘सुरक्षित बचपन’ जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष योगेश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में सचिव अनामिका सिंह ने विद्यार्थियों को बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी दी। शिविर में बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), बाल विवाह निषेध, बाल श्रम, बाल तस्करी, यौन उत्पीड़न, असुरक्षित स्पर्श, शिक्षा और समानता के अधिकार तथा निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में बताया गया। साथ ही साइबर सुरक्षा, साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों को नालसा की बाल-अनुकूल कानूनी सेवाएं योजना, 2024 के बारे में जागरूक करते हुए अभियान के पंपलेट वितरित किए गए। शिविर में विद्यालय के शिक्षक और अधिकार मित्र संदीप सिंह नयाल उपस्थित रहे।




