


अल्मोड़ा। दशहरा पर्व, मां दुर्गा की शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अल्मोड़ा पुलिस मुस्तैद रही। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर नगर में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के साथ ही अग्नि सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए।
नगर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान निरीक्षक, थानाध्यक्ष, उपनिरीक्षक, अपर उपनिरीक्षक समेत अन्य पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान भीड़ को व्यवस्थित रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिसकर्मी प्रमुख स्थानों पर तैनात रहे।
दशहरा पर्व के दौरान नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया। इसके लिए निर्धारित डायवर्जन प्वाइंटों पर यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, ताकि शोभायात्रा के दौरान लोगों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो। इसके अतिरिक्त अग्नि सुरक्षा के मद्देनजर फायर यूनिट को फायर टेंडर और अग्निशमन उपकरणों के साथ तैनात किया गया था।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दशहरा, पुतला भ्रमण और दहन कार्यक्रमों के दौरान सतर्क रहने के निर्देश दिए गए थे। पुलिसकर्मियों से अराजक तत्वों और हुड़दंग करने वालों पर नजर रखने तथा शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया था। साथ ही कार्यक्रम शुरू होने से लेकर समापन तक निर्धारित ड्यूटी स्थल पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए, ताकि सभी आयोजन सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।





