


रुद्रपुर(आरएनएस)। अंकिता भंडारी प्रकरण की सीबीआई जांच पूरी होने से पहले दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को गांधी पार्क में प्रदर्शन कर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। जिलाध्यक्ष जीवन सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अंकिता को न्याय दिलाने और जांच पूरी होने तक दुष्यंत गौतम को संवैधानिक पद पर नियुक्त नहीं करने की मांग उठाई। यूकेडी ने इस मुद्दे पर प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था। पार्टी के निर्देश पर शनिवार को सभी जिला मुख्यालयों पर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया। इसी क्रम में रुद्रपुर के गांधी पार्क में कार्यकर्ताओं ने इकट्ठा होकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए और सीबीआई जांच पूरी होने तक संबंधित व्यक्ति को संवैधानिक पद पर नियुक्त नहीं किया जाना चाहिए। यूकेडी ने इस मुद्दे पर प्रदेशभर में लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखने की बात कही। प्रदर्शन में यूकेडी के केंद्रीय उपाध्यक्ष आनंद सिंह असगोला, सर्वोच्च सलाहकार समिति के सदस्य मोहन चंद पांडे, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष कांति भाकुनी, जिला महामंत्री इंदु बोरा, महानगर अध्यक्ष बबीता बोरा, जानकी जोशी, रोशन बिष्ट, योगेश जोशी, भानु मेहरा, गिरीश राणा और ईश्वर सिंह दानू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



