


अल्मोड़ा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या पर उनके पति की ओर से लगाए गए 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति अर्जित करने और विभाग में भ्रष्टाचार के आरोपों को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि इतने गंभीर आरोप सार्वजनिक होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
भोज ने कहा कि कांग्रेस किसी को केवल आरोपों के आधार पर दोषी नहीं ठहरा रही है, लेकिन मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए स्वतंत्र जांच जरूरी है। जांच में मंत्री की चल-अचल संपत्तियों, आय के स्रोतों, कंपनियों में हिस्सेदारी, विभागीय निर्णयों और पिछले वर्षों के वित्तीय लेन-देन की पड़ताल की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि आरोप निराधार हैं तो जांच से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी, लेकिन आरोप सही पाए जाने पर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस के दावे का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री से तत्काल जांच के आदेश देने और मामले में पारदर्शिता बरतने की मांग की।





