

अल्मोड़ा। मानसखण्ड विज्ञान केंद्र, अल्मोड़ा में जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी), सिमार, बागेश्वर से आए विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अग्निशमन दल ने आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों और आपातकाल में सुरक्षित निकासी की जानकारी दी। मॉक ड्रिल के दौरान बताया गया कि आग लगने पर घबराने के बजाय सतर्कता बरतते हुए भवन को सुरक्षित तरीके से खाली करना चाहिए। साथ ही आग में घायल व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और प्राथमिक बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई। अग्निशमन दल ने विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों के उपयोग और आग बुझाने की सही विधि समझाई। इसके बाद यंत्रों के इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। आपात स्थिति में घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक ले जाने के लिए उपलब्ध संसाधनों से स्ट्रेचर बनाने की विधि भी प्रदर्शित की गई। विद्यार्थियों और कर्मचारियों को आपदा के समय सावधानी, सूझबूझ और आपसी सहयोग का महत्व बताया गया। कार्यक्रम में फायर ऑफिसर ओम प्रकाश, डॉ. प्रियंका अधिकारी, हरि सिंह अधिकारी, नीरज कुमार, मनीषा गोस्वामी, इंद्रावती, पूजा थापा, आकांक्षा डसीला सहित अग्निशमन दल के अन्य कार्मिक मौजूद रहे। मॉक ड्रिल का उद्देश्य विद्यार्थियों और कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित और सुरक्षित कार्रवाई के लिए तैयार करना था।





