

रानीखेत। पुलिस ने सोमवार रात भैसोली गांव में रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और साइबर अपराध, नशे तथा महिला-बाल सुरक्षा सहित विभिन्न विषयों पर जागरूक किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर सीओ भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भुवन चंद्र जोशी के नेतृत्व में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों की शिकायतों और सुझावों को सुना गया। कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और डिजिटल अरेस्टिंग जैसे अपराधों के बारे में जानकारी दी। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई। साथ ही एमआरएम/जीआरएम के उपयोग और ठगी की स्थिति में की जाने वाली आवश्यक कार्रवाई के बारे में बताया गया। पुलिस ने उदाहरणों के जरिए समझाया कि साइबर अपराधी किस तरह लोगों की मेहनत की कमाई ठग लेते हैं। चौपाल में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, पुलिस के साथ सहयोग तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने को कहा गया। नशे से संबंधित गोपनीय सूचना देने के लिए मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों से गांव में बाहरी व्यक्तियों के आने की सूचना देने और रात में जंगली जानवरों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने तथा सतर्क रहने की अपील की। बारिश और आपदा के दौरान आपात सहायता के लिए डायल 112 और आपदा हेल्पलाइन नंबर 1070 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर पुलिस अधिकारियों से संपर्क करने को कहा गया।



