

पिथौरागढ़(आरएनएस)। क्षेत्र में तेज बारिश व ओलावृष्टि से किसानों को खासा नुकसान पहुंचा है। शनिवार को विधायक बिशन सिंह चुफाल ने क्षेत्र में पहुंचकर ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान काश्तकारों ने विधायक चुफाल से ओलावृष्टि के कारण हुए नुकसान का सर्वे कर जल्द मुआवजा दिलाने की मांग उठाई। क्षेत्रवासियों ने कहा बेमौसम ओलावृष्टि और तेज बारिश के कारण देवल, खोलियागांव, गर्जिया, बैड़ा, बगड़ीहाट, थाम, हिनकोट, चमलेख में किसानों की तैयार फसल व सब्जियां बर्बाद हो गई हैं। साथ ही खेतों में मवेशियों के लिए सूखाई घास भी बर्बाद हो गई है। लोगों ने कहा ओलावृष्टि के कारण कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है। जिससे प्रभावित परिवारों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। विधायक चुफाल ने कहा फसल का सरकारी मुआवजा एक एकड़ मे दस हजार रुपये है। कहा पहाड़ में छोटी जोत के किसान होने के कारण फसल के उत्पादन के हिसाब से मुआवजा तय किया जाएगा। कहा क्षेत्र के कई किसान दूसरे की भूमी पर कृषि कार्य करते है। जिसके लिए पटवारी, तहसीलदार ग्राम प्रधान की मदद से खेती कर रहे किसान के नुकसान का आकलन कर उन्हें मुआवजा दिया जाए। कहा डीएम को फोन पर क्षेत्र की स्थिति के बारे में जानकारी दे दी है। चुफाल ने कहा राजस्व व कृषि विभाग शीघ्र नुकसान का आंकलन कर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की कार्यवाही शुरु करेगा। इस दौरान भाजपा नेता और ग्रामीण एकता मंच के संयोजक तरुण पाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



