

अल्मोड़ा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर अल्मोड़ा पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन को लेकर अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार सुबह धारानौला चौकी क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे 24 बाहरी व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को व्यापक चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया जा रहा है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में चौकी प्रभारी धारानौला आनंद बल्लभ कश्मीरा और पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान बिना सत्यापन के रह रहे 24 बाहरी व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई। अल्मोड़ा पुलिस ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग एवं सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने किरायेदारों और अन्य बाहरी व्यक्तियों का नियमानुसार पुलिस सत्यापन कराएं तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।



