

देहरादून(आरएनएस)। रिश्ते के साले का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने के मामले में दून पुलिस ने यूट्यूबर अनुराग डोभाल और उसके तीन साथियों को गुरुवार को प्रेमनगर के सुद्धोवाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अनुराग डोभाल को तीन दिन के भीतर दूसरी बार गिरफ्तार किया है। पहली बार इस घटना के बाद बाईपास चौकी में हंगामा करने पर छह अक्तूबर की सुबह उसकी गिरफ्तारी हुई थी, जबकि अब उसे दर्ज मुकदमे में गिरफ्तार किया गया है। इंस्पेक्टर नेहरू कॉलोनी देवेंद्र चौहान ने बताया कि घटना पांच अक्तूबर की देर रात की है। जिसे लेकर टी एस्टेट बंजारावाला निवासी राज सिंह चौहान ने अगले दिन सुबह केस दर्ज कराया। राज सिंह चौहान आरोपी अनुराग डोभाल का रिश्ते का साला है। आरोप है कि अनुराग डोभाल व उसके साथियों ने उसे हरिद्वार बाईपास रोड पर मिलने के लिए बुलाया था। वहां आरोपियों ने उसे जबरन अपनी गाड़ी में डालकर बुरी तरह पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इस दौरान आरोपियों ने जान से मारने के इरादे से उसके अपहरण का प्रयास भी किया। पुलिस मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया। इसके बाद अपहरण की धाराएं बढ़ाई गई। पुलिस टीम ने गुरुवार को मुख्य आरोपी अनुराग डोभाल (29) पुत्र जगदंबा डोभाल निवासी खरड़, चंडीगढ़, अभिषेक (22) निवासी रामपुर मनिहारन, सहारनपुर अभय चौधरी (23) निवासी बहादराबाद जट, पथरी, हरिद्वार और कुर्बान (23) निवासी सनोली, पानीपत, हरियाणा को गिरफ्तार किया गया है।




