

रुद्रपुर(आरएनएस)। ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में तीनपानी डैम के पास मंगलवार सुबह धान से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार आढ़त के मुंशी की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, दूधियानगर निवासी 45 वर्षीय रामकिशोर गंगवार पुत्र डालचंद्र गंगवार गल्ला मंडी स्थित भगवती एंटरप्राइजेज आढ़त में करीब 20 वर्षों से मुंशी थे। मंगलवार सुबह वह काशीपुर रोड स्थित एक मिल से धान का सैंपल लेकर बाइक से आढ़त लौट रहे थे। करीब 10 बजे हुंडई नेक्सा शोरूम के सामने पीछे से आई धान से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।इसके बाद वह ट्रॉली के नीचे आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची ट्रांजिट कैंप पुलिस ने लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। ट्रांजिट कैंप कोतवाल धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



