

हरिद्वार(आरएनएस)। कनखल के गुरुबक्श विहार में घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी करने के मामले का मंगलवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। चोरी की वारदात को पीड़ित के पड़ोस में रहने वाली महिला ने ही अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से करीब पांच लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गुरुबक्श विहार निवासी नितिन राठी ने दो अक्तूबर को कोतवाली कनखल में तहरीर देकर बताया था कि एक अक्तूबर को उनके घर से अज्ञात व्यक्ति सोने और चांदी के जेवर चोरी कर ले गया। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच शुरू की।मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाई गई। जांच में उसी भवन में पीड़ित के पड़ोस में रहने वाली महिला की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से चोरी के जेवर बरामद कर लिए। बरामद आभूषणों की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। वहीं एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि आरोपी महिला को कोर्ट में पेश किया गया है।




