

अल्मोड़ा। अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज टूर्नामेंट के लिए राज्य स्तरीय टीमों के गठन को लेकर अल्मोड़ा में आयोजित जनपद स्तरीय चयन ट्रायल में 142 खिलाड़ियों का चयन किया गया। खेल निदेशालय, उत्तराखंड के निर्देश पर 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम में विभिन्न खेलों के चयन ट्रायल आयोजित किए गए। चयन ट्रायल में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, कैरम, चेस, हॉकी, कबड्डी, लॉन टेनिस, वेटलिफ्टिंग एवं पावरलिफ्टिंग, वेस्टफिजिक्स, तैराकी, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, कुश्ती, खो-खो और योग में पुरुष एवं महिला वर्ग तथा क्रिकेट और फुटबॉल में पुरुष वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न खेलों के लिए खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता जांच भी की गई। पुरुष वर्ग में 100 मीटर और 400 मीटर दौड़ तथा स्टैंडिंग ब्रॉड जंप और महिला वर्ग में 50 मीटर व 300 मीटर दौड़ तथा स्टैंडिंग ब्रॉड जंप, मेडिसन बॉल थ्रो और स्कीपिंग रोप के परीक्षण किए गए। चयन ट्रायल में 112 पुरुष और 36 महिलाओं ने प्रतिभाग किया। इनमें से कुल 140 खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय चयन ट्रायल के लिए चयन हुआ। चयन ट्रायल के सफल संचालन में विक्रम भंडारी, राजेंद्र सिंह राणा, हरीश गोस्वामी, कैलाश सिंह मेहरा, करिश्मा नायक, जीवन बोर, रीता बिष्ट, कविता थापा, राजेश खोलिया, प्राशु भैसोड़ा, हरेंद्र प्रसाद, मनीष कनवाल, यशपाल भट्ट, रजत वर्मा, संजय सिंह अधिकारी, तुषार भंडारी, पूजा मेहरा, विजय मेहरा सहित खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

