
अल्मोड़ा। कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में चोरी की शत-प्रतिशत सामग्री बरामद करने का दावा किया है। 30 सितंबर की रात जौहरी बाजार स्थित रूद्रा इंटरप्राइजेज ज्वैलरी शॉप से पुरानी चैनपट्टी, चांदी, तांबे और जस्ते के टुकड़े चोरी किए गए थे। इस मामले में 1 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं, 27-28 सितंबर के बीच ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक गोदाम से सरसों के तेल के सात टिन और गोदरेज का फ्रिज चोरी किया गया था। इस मामले में 2 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज हुआ। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर सीओ बलवन्त सिंह रावत के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक योगेश चन्द्र उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी और सर्विलांस के माध्यम से जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने 2 अक्टूबर को दोनों घटनाओं में संलिप्त विनोद सार्की (21) और नेत्र सार्की (20), दोनों निवासी कालीकोट, नेपाल को अल्मोड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर ज्वैलरी शॉप से चोरी की गई 482 ग्राम शुद्ध चांदी, 497 ग्राम चांदी के आभूषण सहित अन्य धातु सामग्री तथा गोदाम से चोरी किए गए सात टिन सरसों का तेल और एक फ्रिज बरामद किया गया। बरामदगी के बाद दोनों मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर अग्रिम कार्रवाई की गई।
