
नई टिहरी। राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान करने जा रहे छात्र को चेकिंग के लिए रोकना संविदा कर्मचारी को भारी पड़ गया। नाराज छात्र ने छुट्टी के बाद नरेंद्रनगर बाजार में चाय पी रहे संविदा कर्मचारी अजय पुंडीर के सिर पर बोतल मार दी। हमले में कर्मचारी घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, बीए मास कॉम का छात्र रवि तिवारी निवासी ऋषिकेश छात्रसंघ चुनाव में मतदान के लिए कॉलेज पहुंचा था। कॉलेज गेट पर तैनात संविदा कर्मचारी अजय पुंडीर ने उसे चेकिंग के लिए रोका था। बताया गया कि छात्र इससे नाराज था, लेकिन उस समय उसने कोई विरोध नहीं किया।
कॉलेज की छुट्टी के बाद अजय पुंडीर नरेंद्रनगर बाजार स्थित एक होटल में चाय पी रहे थे। इसी दौरान रवि तिवारी वहां पहुंचा और होटल में रखी खाली बोतल उठाकर उनके सिर पर मार दी। चोट लगने से कर्मचारी के सिर से खून निकलने लगा। होटल में मौजूद लोगों ने छात्र को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घायल कर्मचारी को अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सक डॉ. पूजा डबराल ने बताया कि उसके सिर में काफी चोट आई है। उपचार के बाद बुधवार को सीटी स्कैन कराया जाएगा। थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
