
अल्मोड़ा। कर्नाटक खोला-रेलापाली लिंक मोटर मार्ग निर्माण के दौरान कटिंग से प्रभावित दो भवनों, नौलों और रास्तों की समस्या को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पार्षद अमित साह मोनू की पहल पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर शुक्रवार को लोनिवि के अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता विभागीय अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान दो भवनों को हुए नुकसान का जायजा लिया गया। अधिशासी अभियंता ने प्रभावित परिवारों को नियमानुसार नुकसान का आकलन कर मुआवजे की कार्रवाई का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों ने सड़क कटिंग से क्षतिग्रस्त नौलों, रास्तों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की समस्या भी अधिकारियों के सामने रखी। विभाग ने इनके नियमानुसार सुधारीकरण का भरोसा दिया। निर्माण के दौरान फैली मिट्टी के कारण हो रही परेशानी को देखते हुए उसके निस्तारण की कार्रवाई भी की जाएगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने सड़क निर्माण से उत्पन्न समस्याओं की जानकारी पार्षद अमित साह मोनू को दी थी, जिसके बाद उन्होंने मामला जिलाधिकारी के समक्ष उठाया। लोगों ने पार्षद की पहल और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर आभार जताते हुए प्रभावित भवनों, नौलों और रास्तों के जल्द सुधारीकरण की उम्मीद जताई। निरीक्षण के दौरान पार्षद अभिषेक जोशी, स्थानीय निवासी नरेंद्र बिष्ट और लोनिवि के अधिकारी मौजूद रहे।
