
रुद्रपुर(आरएनएस)। लालपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम महाराजपुर रोड स्थित यात्री शेड में मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक की मौत अत्यधिक नशे के कारण होने की आशंका है। मंगलवार को लालपुर पुलिस को सूचना मिली कि महाराजपुर रोड किनारे बने यात्री शेड में एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर चौकी प्रभारी बसंत प्रसाद पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान युवक मृत मिला। उसकी पहचान 32 वर्षीय जितेंद्र उर्फ जीतू पुत्र इंद्रजीत निवासी नगला नगर रामगढ़, फिरोजाबाद यूपी के रूप में हुई।पुलिस की सूचना पर उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। चौकी प्रभारी ने बताया कि जितेंद्र की पत्नी गुड्डी देवी के अनुसार, उनकी शादी 14 वर्ष पूर्व हुई थी और उनके चार छोटे बच्चे हैं। जितेंद्र पहले फिरोजाबाद में चूड़ी का काम करता था। करीब पांच-छह वर्षों से वह परिवार के साथ खमरिया रोड, लालपुर में किराये के मकान में रह रहा था। वह शराब और नशे का आदी था। पिछले दो वर्षों से वह घर से अलग रह रहा था और लालपुर-किच्छा क्षेत्र में घूमकर नशा करता था। उसकी पत्नी मजदूरी कर बच्चों का भरण-पोषण कर रही थी। बताया कि जितेंद्र के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जांच में अत्यधिक नशे के कारण मौत होने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण का पता चलेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
