
धौलादेवी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी में अल्ट्रासाउंड और डिजिटल एक्सरे मशीन स्थापित करने की मांग को लेकर डॉ. नीरज पंत के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना शुरू हो गया। पहले दिन क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने धरने को समर्थन दिया। सुबह करीब 11 बजे क्षेत्र के ग्राम प्रधान धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलन के समर्थन में एकजुटता जताई। प्रधान संगठन ने आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाने का अभियान शुरू करने की बात कही। आंदोलनकारियों ने कहा कि अस्पताल में जरूरी जांच सुविधाएं नहीं होने के कारण मरीजों, गर्भवती महिलाओं और दुर्घटना पीड़ितों को जांच के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता है। आंदोलनकारियों की मुख्य मांग सीएचसी धौलादेवी में तत्काल अल्ट्रासाउंड और डिजिटल एक्सरे मशीन स्थापित करने की है। उनका कहना है कि इन सुविधाओं के अभाव में क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा अस्पताल की मूलभूत आवश्यकताओं से संबंधित दस सूत्रीय मांगपत्र भी तैयार किया गया है, जिसे जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा। आंदोलन संयोजक डॉ. नीरज पंत ने कहा कि यह पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ा मामला है। उन्होंने कहा कि जब तक सीएचसी धौलादेवी को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं, तब तक धरना जारी रहेगा। आंदोलनकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मांगों पर कार्रवाई किए जाने तक धरना जारी रखा जाएगा। ग्राम प्रधानों ने प्रतिदिन आंदोलन में भागीदारी का आश्वासन दिया है। आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से भी धरना स्थल पहुंचकर आंदोलन को समर्थन देने की अपील की। धरने में हरीश धर्मवाल, हरीश मलारा, मोहन सिंह भंडारी, बसन जोशी, किशोर जोशी, गोवर्धन पांडे, बसंत पांडे, कैलाश पांडे, डीके जोशी, ईश्वर सिंह, गोकुल भट्ट, गोकुल डसीला, अरुण पटवाल, चंदन सिंह, सुमित शाह, केसर सिंह, ललित वर्मा, सुरेश चंद सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


