
रानीखेत। स्व. जयदत्त वैला राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 के लिए मंगलवार को मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। अपराह्न चार बजे मतगणना के बाद प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने चुनाव परिणामों की घोषणा की। अध्यक्ष पद पर विनीत सिंह कुवार्बी ने 527 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जितेश नेगी को 92 मतों के अंतर से हराया। जितेश नेगी को 435 मत मिले। उपाध्यक्ष छात्रा पद पर अनीषा बिष्ट 563 मत पाकर विजयी रहीं। उन्होंने रश्मि कांडपाल को 200 मतों के अंतर से पराजित किया। रश्मि को 363 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर बबली आर्या ने 571 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने संजना नगरकोटी को 240 मतों के अंतर से हराया। संजना को 331 मत प्राप्त हुए। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर भूमिका आर्या ने 516 मत पाकर जीत हासिल की। उन्होंने ललिता चौधरी को 118 मतों के अंतर से पराजित किया। ललिता को 398 मत मिले। उपाध्यक्ष छात्र पद पर कार्तिकेय सती, सचिव पद पर हर्षिता फर्त्याल, संयुक्त सचिव पद पर अंजली तथा वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर नेहा निर्विरोध निर्वाचित हुईं। सांस्कृतिक प्रतिनिधि तथा कला एवं विज्ञान संकाय प्रतिनिधि के पदों पर कोई नामांकन नहीं होने के कारण ये पद रिक्त रहे। परिणाम घोषित होने के बाद प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। छात्रसंघ प्रभारी डॉ. बीके जोशी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने में सहयोग के लिए स्थानीय प्रशासन, पुलिस विभाग, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों का आभार जताया।


