
रुद्रपुर(आरएनएस)। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में तीन से छह अक्तूबर तक 120वां अखिल भारतीय किसान मेला एवं उद्योग प्रदर्शनी आयोजित होगी। मेले का उद्घाटन उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) करेंगे। ‘स्मार्ट खेती-स्वस्थ धरती-समृद्ध किसान’ थीम पर आयोजित मेले में उन्नत बीज, आधुनिक कृषि तकनीक और कृषि क्षेत्र के नवाचार प्रमुख आकर्षण होंगे। कुलपति डॉ. एसके कश्यप ने बताया कि इस बार पिछले मेलों की तुलना में बीज की उपलब्धता करीब डेढ़ गुना बढ़ाई गई है। गेहूं की 22 प्रजातियों का चार हजार कुंतल से अधिक बीज किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा। बीज पर सामान्य दर से 15 प्रतिशत छूट भी दी जाएगी।
इसके अलावा चना, मसूर, मटर, तोरिया और सरसों समेत दलहनी व तिलहनी फसलों के उन्नत बीज उपलब्ध रहेंगे। धनिया, मेथी, पालक, मूली, गाजर, प्याज और फूलगोभी समेत विभिन्न सब्जियों के बीज छोटे पैकेटों में मिलेंगे। मेले में आम, लीची, अमरूद, नींबू, अनार और अंजीर समेत विभिन्न फलदार पौधों के साथ महोगनी, चंदन और यूकेलिप्टस के पौधे भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। पहली बार एग्री स्टार्टअप के लिए अलग पंडाल लगाया जाएगा। इसमें कृषि क्षेत्र से जुड़े युवा उद्यमी अपने उत्पाद, नई तकनीक और नवाचार किसानों के सामने प्रदर्शित करेंगे। मेले के लिए स्टॉल बुकिंग और प्रचार-प्रसार तेजी से चल रहा है। शनिवार शाम तक करीब 35 बड़े और 124 छोटे स्टॉल बुक हो चुके थे। वहीं, करीब 50 बड़े और 50 छोटे स्टॉल के लिए विभिन्न फर्मों से संपर्क चल रहा है। किसानों तक मेले की जानकारी पहुंचाने के लिए दो प्रचार वाहन नैनीताल, काशीपुर, रामपुर, बहेड़ी और खटीमा समेत आसपास के क्षेत्रों में भेजे गए हैं।
