
देहरादून(आरएनएस)। मर्चेंट नेवी में नौकरी लगाने का झांसा दे तीन लाख रुपये ठगने के तीन आरोपियों के खिलाफ शहर कोतवाली में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों में दो यूपी और गुजरात का निवासी है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है। शहर कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि छबील बाग कांवली रोड निवासी रजनी चौहान ने तहरीर दी। बताया कि उनके बेटे अक्षय चौहान के एक मित्र रोहित यादव ने मर्चेंट नेवी में नौकरी लगवाने की बात कही थी। इसके बाद नरेंद्र सिंह कुशवाहा निवासी आगरा, यूपी, कांता यादव निवासी सूरत, गुजरात और संजीव यादव निवासी लखनऊ, यूपी ने उनसे संपर्क किया और नौकरी लगवाने का भरोसा दिया।आरोपियों ने अगस्त 2025 से अलग-अलग तारीखों पर पीड़ित परिवार से कुल 3.40 लाख रुपये ऐंठ लिए। अक्षय को अगस्त 2025 और मार्च 2026 में नौकरी का झांसा देकर मुंबई भी बुलाया था। जिसमें यात्रा और रहने-खाने में पीड़ित परिवार ने करीब एक लाख रुपये और खर्च किए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने संपर्क करना बंद कर दिया और मैसेज का जवाब देना भी बंद कर दिया। शहर कोतवाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
