
रुडकी(आरएनएस)। कक्षा नौ के छात्र पर पांच युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने छात्र के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसी दौरान एक युवक ने उसके सिर पर दरांती से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। छात्र की मां की तहरीर पर पुलिस ने पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भलस्वागाज निवासी संगीता देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा आर्यन कक्षा नौ में पढ़ता है। शुक्रवार शाम पांच युवक उनके घर पहुंचे और आर्यन को बाहर बुलाकर अपने साथ ले गए। घर से कुछ दूरी पर युवकों ने आर्यन के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान युवकों में से एक ने आर्यन के सिर पर दरांती से वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से छात्र लहूलुहान होकर गिर पड़ा।मारपीट के दौरान शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख आरोपी युवक वहां से फरार हो गए। इसके बाद घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि छात्र की मां की तहरीर के आधार पर पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
