
अल्मोड़ा। लगातार हो रही बारिश के बीच रानीखेत क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ। सूचना मिलने पर फायर रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर वुडन कटर की सहायता से पेड़ों को काटकर सड़क से हटाया और यातायात सुचारू कराया। शनिवार को फायर स्टेशन रानीखेत को सूचना मिली कि हल्द्वानी रोड पनियाली मुख्य मार्ग पर एक विशालकाय पेड़ टूटकर गिर गया है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित है। सूचना मिलते ही फायर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर सड़क से हटाया। रविवार को अत्यधिक बारिश के कारण चमड़खान रोड तथा बीरशिवा स्कूल गनियाद्योली रोड पर एक विशालकाय पेड़ सड़क पर गिर गए। सूचना मिलने पर फायर राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर वुडन कटर की सहायता से पेड़ों को काटकर सड़क किनारे किया। इसके बाद बलना रोड पर भी पेड़ गिरने की सूचना मिली, जिस पर टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पेड़ को काटकर सड़क से हटाया और यातायात सुचारू कराया।
