
हल्द्वानी(आरएनएस)। मुखानी कोतवाली क्षेत्र के कटघरिया स्थित हल्द्वानी-रामनगर हाईवे पर गुरुवार रात तेज रफ्तार बाइक ने पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बेटे की दर्दनाक मौत हो गई और पेट फट गया। जबकि पिता का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।जानकारी के मुताबिक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली (फरीदपुर) के रहने वाले हरिशंकर मौर्य कटघरिया में किराए पर रहकर बटाई पर खेती-किसानी करते हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 11 बजे वे अपने 13 साल के बेटे कपिल मौर्या के साथ बाजार से सब्जी बेचकर ठेले के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर बेहद तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उनके ठेले को जोरदार टक्कर मार दी। जिसकी चपेट में आकर दोनों पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल लाने से पहले ही कपिल ने दम तोड़ दिया। हादसे में कपिल मौर्या का पेट फट गया और उसकी आंतें बाहर आ गईं। एसएचओ मुखानी सुशील जोशी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद सड़क पर पिता-पुत्र सांसों के लिए तड़प रहे थे लेकिन तमाशबीन दोनों को अस्पताल ले जाने की बजाए वीडियो बनाने लगे। आरोप है कि इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने भी मदद नहीं की। पिता ने किसी तरह बेटे को उठाया और ऑटो में बिठाया। जिसके बाद उसे डॉ.सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर आए। जहां उसके बेटे को मृत घोषित कर दिया। हरिशंकर के चार बच्चों में कपिल सबसे बड़ा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय बाइक पर दो युवक सवार थे और गाड़ी की रफ्तार बहुत तेज थी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है और फरार युवकों की तलाश शुरू कर दी है।

