
रुद्रपुर। हरिपुरा रोड स्थित मसीत के धर्मकांटे पर शुक्रवार देर रात कार सवार युवकों ने पिस्तौल के बल पर पोल्ट्री फार्म कारोबारी के बेटे से ढाई लाख रुपये लूट लिए। बचाव के लिए पहुंचे व्यापारी के दूसरे बेटे और सुपरवाइजर पर हॉकी व लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें हल्द्वानी रेफर किया गया है। वारदात के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने तीन नामजद समेत एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
वार्ड नंबर-11, गदरपुर निवासी जुम्मा पुत्र मियांजान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह हरिपुरा रोड स्थित मसीत में पोल्ट्री फार्म किराये पर लेकर मुर्गियों का कारोबार करते हैं। शुक्रवार रात करीब साढ़े 12 बजे उनके बेटे मोहम्मद साकिब, अब्दुल रहमान, मोहम्मद अनस और अनुज मसीत स्थित धर्मकांटे पर मुर्गियों से लदी गाड़ियों का वजन करा रहे थे। इस दौरान कंपनी के दो सुपरवाइजर जसवीर सिंह और प्रदीप कुमार भी मौजूद थे।
आरोप है कि इसी दौरान एक कार से चार युवक धर्मकांटे पर पहुंचे। इनमें जग्गा प्रधान, जस रंधावा, आदेश और एक अन्य युवक शामिल था। आरोप के अनुसार, कार से उतरते ही जग्गा प्रधान ने पिस्तौल निकालकर अब्दुल रहमान की कनपटी पर लगा दी और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसके पास रखे ढाई लाख रुपये छीन लिए।
अब्दुल रहमान के शोर मचाने पर उसका भाई साकिब और सुपरवाइजर जसवीर सिंह बचाव के लिए पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने कार से हॉकी और लोहे की रॉड निकालकर दोनों के सिर पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद वाहन चालक और अन्य लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए कार मौके पर छोड़कर साथियों के साथ फरार हो गए।
घायल साकिब और जसवीर सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया, जहां दोनों का उपचार चल रहा है।
एसएसआई मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
