
रुद्रपुर(आरएनएस)। विधायक तिलकराज बेहड़ ने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद राज्य सरकार और चुनाव आयोग किच्छा व सिरौलीकलां नगरपालिका चुनाव की मतगणना की तिथि तय नहीं कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द तिथि घोषित नहीं हुई तो वह अवमानना के मामले में हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। शनिवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बेहड़ ने कहा कि किच्छा और सिरौलीकलां नगरपालिका चुनाव संपन्न होने के बावजूद सरकार ने मतगणना स्थगित कर दी थी। वार्ड-17 के कांग्रेस सभासद प्रत्याशी ने दोनों नगरपालिकाओं की मतगणना कराने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।इस मामले की सुनवाई हाईकोर्ट की डबल बेंच में हुई। उन्होंने कहा कि सुनवाई के दौरान सरकार के पास मतगणना रोकने के संबंध में कोई स्पष्ट जवाब नहीं था। बेहड़ के मुताबिक, 24 सितंबर को हाईकोर्ट ने बिना देरी के मतगणना कराने के निर्देश दिए थे। आदेश के दो दिन बाद भी मतगणना की तिथि घोषित नहीं होने से कई तरह की आशंकाएं पैदा हो रही हैं। उन्होंने कहा कि तिथि घोषित नहीं हुई तो वह चुनाव आयोग के खिलाफ अवमानना की याचिका दायर करेंगे और शहरी विकास सचिव को व्यक्तिगत रूप से पक्षकार बनाएंगे। उन्होंने सरकार और चुनाव आयोग से शनिवार को ही मतगणना की तिथि घोषित करने की मांग की।
