
काशीपुर(आरएनएस)। नगर निगम की स्वच्छता जन जागरूकता टीम ने प्रतापपुर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास में शनिवार को स्कूल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को स्वच्छता और 4-बिन कचरा सेग्रीगेशन के प्रति जागरूक किया।कार्यक्रम में अध्यापक-अध्यापिकाओं सहित 35 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मेयर दीपक बाली की पत्नी एवं समाजसेवी उर्वशी दत्त बाली रहीं। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि वे स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि उसे अपनी आदत में शामिल करें।
मेयर दीपक बाली के निर्देशन में नगर निगम की स्वच्छता जन जागरूकता टीम अभी तक लगभग एक दर्जन स्कूलों में स्वच्छता जन जागरूकता अभियान के तहत हजारों बच्चों को अपने शहर काशीपुर को साफ, स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में मार्गदर्शित कर चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कठपुतली शो के माध्यम से स्वच्छता के महत्व और कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित कर निर्धारित डस्टबिन में डालने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही स्वच्छता आधारित सेग्रीगेशन गेम और पहचानो स्वच्छता एक्ट के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के कचरे की सही पहचान करने तथा उसके लिए उचित डस्टबिन का चयन करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। विद्यार्थियों को विद्यालय में इको क्लब के गठन और उसकी भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई।
