
रुड़की(आरएनएस)। लक्सर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बुजुर्ग महिला की आंखों में स्प्रे डालकर सोने के कुंडल लूटने का प्रयास किया गया। महिला के शोर मचाने पर परिजनों और आसपास के लोगों ने आरोपी का पीछा किया और उसे गन्ने के खेत से पकड़ लिया। आरोपी के पास से कुंडल भी बरामद किए गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुल्तानपुर रोड स्थित सीमेंट फैक्ट्री के पास रहने वाले साहिल पुत्र अब्दुल गफ्फार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे उसकी मां यशोदा घर से पशुओं के लिए घास लेने जा रही थीं।रास्ते में एक व्यक्ति ने उनकी आंखों में स्प्रे डाल दिया। इसके बाद आरोपी ने उनके कानों से सोने के कुंडल उतारने का प्रयास किया। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और कुंडल लेकर भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी का पीछा किया और गन्ने के खेत में उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लोकेन्द्र बालियान पुत्र सोहनलाल निवासी ग्राम गढ़ी नवाबाद, थाना भौराकला, मुजफ्फरनगर बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी वर्तमान में ज्वालापुर क्षेत्र की सीतापुर शिव विहार कॉलोनी में रह रहा है। तहरीर में कुंडलों की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। महिला के दोनों कानों में चोट लगने की बात भी कही गई है। लक्सर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह को सौंपी गई है।
