
अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना परिसर, अल्मोड़ा में वार्षिक दिवस समारोह 2025-26 आयोजित किया गया। समारोह में परिसर निदेशक प्रो. जगत सिंह बिष्ट मुख्य अतिथि रहे। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजीव आर्या, विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. सुशील कुमार जोशी, वाणिज्य संकायाध्यक्ष प्रो. एचआर कौशल, विधि संकायाध्यक्ष प्रो. अखिलेश नवीन, दृश्य कला संकायाध्यक्ष प्रो. शेखर चंद्र जोशी, कला संकायाध्यक्ष प्रो. हरीश चंद्र जोशी और शिक्षा संकायाध्यक्ष प्रो. रिजवाना सिद्दीकी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह में संगीत की छात्राओं ने स्वागत गीत, वंदना, राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और कुलगीत प्रस्तुत किए। इसके बाद छात्रसंघ सचिव विशाल बिष्ट ने वार्षिक आख्या प्रस्तुत की और छात्रसंघ पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे। समारोह में छात्रसंघ 2025-26 के पदाधिकारियों, एनएसएस शिविरार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, खिलाड़ियों और विभिन्न संकायों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि प्रो. जगत सिंह बिष्ट ने कहा कि छात्रसंघ पदाधिकारियों ने वर्षभर की उपलब्धियों को बेहतर ढंग से प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि वार्षिक समारोह विद्यार्थियों की वर्षभर की उपलब्धियों का परिचायक है। अल्मोड़ा की सांस्कृतिक और बौद्धिक परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मकता के साथ परिसर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजीव आर्या ने छात्रसंघ पदाधिकारियों को सम्मानित करते हुए विद्यार्थियों को बेहतर नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सत्र 2026-27 के छात्रसंघ चुनाव की घोषणा भी की। कुलानुशासक डॉ. धनी आर्या ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह का संचालन डॉ. गिरीश अधिकारी और डॉ. कौशल ने किया। इस अवसर पर क्रीड़ा प्रभारी डॉ. दीपक टम्टा, डॉ. खगेन्द्र खोलिया सहित छात्रसंघ पदाधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

