
देहरादून(आरएनएस)। क्लेमनटाउन थाना क्षेत्र के सुभाषनगर में 26 वर्षीय काजल की हत्या में फरार पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी विवाद के चलते आरोपी से तलाक लेने वाली थी इसलिए उसने यह कदम उठाया है। वहीं डीके मित्तल से जुड़ी जिस संपत्ति के एक हिस्से में यह परिवार रह रहा था, उसके प्रॉपर्टी विवाद पर भी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गुरुवार दोपहर अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि काजल की हत्या उसी के पति धीरज पंवार उर्फ लल्लू (30) निवासी मेघा शर्करपुर, थाना पुरकाजी, जिला मुजफ्फरनगर ने की थी।बुधवार शाम आरोपी को क्लेमनटाउन क्षेत्र से गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना के वक्त पहनी गई खून से सनी शर्ट बरामद कर ली है। एसएसपी के अनुसार धीरज शादी के बाद से ही अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ सुभाषनगर स्थित अपनी ससुराल में ही रह रहा था। पिछले एक साल से पति-पत्नी के बीच काफी विवाद चल रहा था। धीरज ने पुलिस पूछताछ में कुबूला कि पिछले तीन महीने से काजल उसे न तो घर में घुसने दे रही थी और न ही बच्चों से मिलने दे रही थी। करीब एक महीने पहले उसे पता चला कि काजल उससे तलाक लेने की तैयारी कर रही है। इसी बात से डिप्रेशन में आकर उसने हत्या की साजिश रची। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी ने सहारनपुर से देसी तमंचा खरीदा। 21 सितंबर की सुबह मौका पाकर वह घर का टीन का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा और गहरी नींद में सो रही काजल के सिर व पेट में दो गोलियां दागकर फरार हो गया। पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने 112 पर फोन कर हाथापाई में गोली चलने की झूठी कहानी भी गढ़ी थी। वारदात के बाद से मोबाइल बंद कर भागने के कारण उसे पकड़ने में वक्त लगा।
