
अल्मोड़ा। लमगड़ा पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान जंगल क्षेत्र में भटक रहे मानसिक रूप से अस्वस्थ एक युवक को सकुशल रेस्क्यू कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस की इस पहल से युवक के परिजनों ने आभार जताया। जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 9 बजे चौकी मोरनौला, थाना लमगड़ा की पुलिस टीम शहरफाटक से मोरनौला के बीच जंगल क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक युवक अर्धनग्न अवस्था में घूमता मिला। प्रथम दृष्टया युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा था। युवक की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस टीम उसे चौकी मोरनौला लेकर आई और वस्त्र उपलब्ध कराकर सुरक्षित किया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम ललित सिंह कुंवर, निवासी ग्राम थाली, पोस्ट नर्तोला, थाना मुक्तेश्वर, जनपद नैनीताल, उम्र 25 वर्ष बताया। पुलिस ने युवक के परिजनों को दूरभाष से सूचना दी। 24 सितंबर की सुबह युवक के पिता मानसिंह कुंवर ग्रामवासियों के साथ चौकी मोरनौला पहुंचे और अपने बेटे को सकुशल देखकर पुलिस का आभार जताया। रेस्क्यू टीम में उप निरीक्षक नरेश कोहली, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र मेहता और हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह बिष्ट शामिल रहे।


