
हरिद्वार(आरएनएस)। नगर कोतवाली क्षेत्र के मायापुर में नगर निगम कार्यशाला गैराज के पास सरकारी आवास पर फायरिंग कर युवती को घायल करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा बरामद किया है। पुलिस ने घटना के एक आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार किया था। वहीं घटना में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों की दबिश जारी हैं। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इससे पहले पुलिस ने 22 सितंबर को आरोपी कबीर पुत्र किशोर निवासी गंगा आर्यनगर जलालाबाद शामली को गिरफ्तार किया था। बुधवार को पुलिस ने लक्की पुत्र संजू कुमार निवासी राजीव बस्ती हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का एक तमंचा बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा की बढ़ोतरी है। एसएचओ कुंदन सिंह राणा ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
