
अल्मोड़ा। श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर समिति, कनौली के तत्वावधान में 14 सितंबर से आयोजित श्रीमद् देवी भागवत कथा का बुधवार को विधिवत समापन हुआ। कथा के दौरान क्षेत्र के साथ ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और कथा श्रवण, पूजा-अर्चना तथा धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। कथा व्यास पंडित मनोज कृष्ण जोशी ने श्रीमद् देवी भागवत के विभिन्न आध्यात्मिक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान श्रद्धालुओं को भक्ति, धर्म, संस्कार और सदाचार के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही समाज को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं संस्कारयुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। आयोजन समिति के अध्यक्ष किशन चंद्र तिवारी ने कथा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। कथा के मुख्य यजमान बसंत बल्लभ तिवारी रहे। कथा के समापन अवसर पर मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। क्षेत्र और आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मंदिर परिसर में पूरे दिन धार्मिक और भक्तिमय माहौल बना रहा। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह सहयोग और सहभागिता की अपेक्षा की।


