
अल्मोड़ा। टीबी मुक्त पंचायत कार्यक्रम के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी अल्मोड़ा के निर्देश पर 23 सितंबर को ताड़ीखेत और भैंसियाछाना विकासखंड में जनप्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। ताड़ीखेत में ब्लॉक प्रमुख बबली मेहरा की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में जनपद नोडल अधिकारी एनटीईपी डॉ. दीपक शर्मा ने जनप्रतिनिधियों को टीबी मुक्त भारत अभियान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ताड़ीखेत डॉ. अंशुल सिरोही ने टीबी कार्यक्रम की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। एसटीएस गोविंद बिष्ट और टीबीएचवी मुन्नी गोस्वामी ने कार्यक्रम के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए प्रशिक्षण में सहयोग किया। प्रशिक्षण में 110 ग्राम प्रधानों ने प्रतिभाग किया। जनप्रतिनिधियों ने टीबी मुक्त भारत अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की प्रतिबद्धता जताई और अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग देने की बात कही।
वहीं भैंसियाछाना विकासखंड में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव शुक्ला ने जनप्रतिनिधियों को टीबी मुक्त भारत अभियान का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में एसटीएस नरेश कुमार पांडे और चिकित्सालय के कर्मचारियों ने सहयोग किया। प्रशिक्षण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौलछीना के सभागार में आयोजित किया गया।


