
रुड़की(आरएनएस)। हरिद्वार रोड निवासी आदित्य सैनी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कुछ लोगों पर उसके बुजुर्ग माता-पिता को जान से मारने की धमकी देने और मकान पर जबरन कब्जे का प्रयास करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि संबंधित लोग उसके दुकानदारों और किरायेदारों को भी फोन कर दुकान खाली करने की धमकी दे रहे हैं। तहरीर के अनुसार, आदित्य की माता दीपा के उपचार के लिए सात फरवरी 2025 को हरिद्वार रोड स्थित मकान बेचने के नाम पर इकरारनामा कराया गया था। इस संबंध में रकम का लेनदेन होने और उसकी लिखा-पढ़ी मौजूद होने की बात कही गई है। आरोप है कि बाद में मकान के कब्जे को लेकर विवाद शुरू हो गया। गांव शेखपुरी में पंचायत कर लेनदेन से संबंधित दस्तावेज भी तैयार कराए गए थे। आदित्य का आरोप है कि 21 सितंबर की रात करीब सात बजे चार लोग हथियार लेकर मकान पर पहुंचे और कब्जे का प्रयास करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उसने घटना की वीडियो फुटेज और ऑडियो रिकॉर्डिंग पुलिस को साक्ष्य के तौर पर देने की बात कही है। पीड़ित ने परिवार की सुरक्षा और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
