
रुद्रपुर(आरएनएस)। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के फार्म मशीनरी एंड पावर इंजीनियरिंग विभाग के पीएचडी शोधार्थी मुखमीत सिंह का ऑस्ट्रेलिया के चार्ल्स स्टर्ट विश्वविद्यालय (सीएसयू) के प्रतिष्ठित ड्यूल डॉक्टरेट डिग्री प्रोग्राम में चयन हुआ है। वह इस कार्यक्रम के लिए चयनित होने वाले पंतनगर विश्वविद्यालय के पहले शोधार्थी हैं। रुद्रपुर निवासी मुखमीत ने पंतनगर विश्वविद्यालय से 2020 में एग्रीकल्चरल इंजीनियरिंग में बीटेक और 2023 में फार्म मशीनरी एंड पावर इंजीनियरिंग में एमटेक किया। वर्तमान में वह डॉ. अरुण कुमार के निर्देशन में शोध कर रहे हैं। सीएसयू में उनके शोध पर्यवेक्षक डॉ. ली ली होंगे। उनका शोध कृषि और जैविक अपशिष्टों से नैनो बायोफर्टिलाइजर विकसित करने और टिकाऊ कृषि में उसके उपयोग पर केंद्रित है। सीएसयू की ओर से उन्हें ऑस्ट्रेलिया में दो वर्ष के शोध के दौरान 35 हजार ऑस्ट्रेलियाई डॉलर प्रतिवर्ष छात्रवृत्ति के साथ तीन वर्ष की ट्यूशन फीस में छूट का लाभ मिलेगा। वह जनवरी 2027 में ऑस्ट्रेलिया जाकर शोध कार्य शुरू करेंगे। मुखमीत ने उपलब्धि का श्रेय पिता हरमीत सिंह, माता अरविंदर कौर, पत्नी भारती कुंवर, शोध निर्देशक और गुरुजनों को दिया। उन्होंने सीएसयू की प्रो-वाइस चांसलर डॉ. नीना मित्तार और पंतनगर विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय मामलों के निदेशक डॉ. एचजे शिव प्रसाद का विशेष आभार जताया। कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप समेत विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी।

