
अल्मोड़ा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी अल्मोड़ा के निर्देशों के क्रम में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत धौलादेवी ब्लॉक में जनप्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 22 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी में आयोजित प्रशिक्षण की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर बोरा ने की। प्रशिक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों को टीबी मुक्त भारत अभियान में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि वर्तमान में धौलादेवी, द्वाराहाट, भिकियासैंण और हवालबाग ब्लॉकों में एक्स-रे स्क्रीनिंग का कार्य किया जा रहा है। साथ ही दो सप्ताह से अधिक समय से खांसी होने पर लोगों को बलगम की जांच कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है, ताकि टीबी मुक्त भारत अभियान के लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त किया जा सके। बताया गया कि जिले के सभी ब्लॉकों में पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया जाना है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसका उद्देश्य टीबी मुक्त भारत अभियान और टीबी मुक्त पंचायत कार्यक्रम के लक्ष्यों को सफलतापूर्वक पूरा करना है। अभियान में जनप्रतिनिधियों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें। प्रशिक्षण कार्यक्रम में वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक धीरेंद्र गुणवंत और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ ने सहयोग प्रदान किया।


