


अल्मोड़ा। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड, देहरादून द्वारा जिला योजना समिति निर्वाचन-2026 के लिए जारी अधिसूचना तथा जिला निर्वाचन अधिकारी/रिटर्निंग ऑफिसर, जिला योजना समिति, अल्मोड़ा के आदेश के क्रम में निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। सम्पूर्ण जिला पंचायत क्षेत्र अल्मोड़ा के लिए जिला पंचायत सभागार, अल्मोड़ा को मतदान केंद्र/स्थल निर्धारित किया गया है। इस निर्वाचन क्षेत्र में 18 सदस्यों का निर्वाचन किया जाना है। यहां सहायक निदेशक, रेशम विकास विभाग संजय काला को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। सम्पूर्ण नगर निगम निर्वाचन क्षेत्र अल्मोड़ा के लिए जिला पंचायत कार्यालय भवन के कक्ष संख्या-01 को मतदान केंद्र/स्थल निर्धारित किया गया है। इस क्षेत्र में एक सदस्य का निर्वाचन किया जाना है। इसके लिए प्रधानाचार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जेपी टम्टा को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। सम्पूर्ण नगर निकाय निर्वाचन क्षेत्र द्वाराहाट के लिए नगर पालिका परिषद, द्वाराहाट के सभागार कक्ष को मतदान केंद्र/स्थल निर्धारित किया गया है। यहां भी एक सदस्य का निर्वाचन किया जाना है। इस निर्वाचन क्षेत्र में नगर पालिका परिषद द्वाराहाट, नगर पंचायत द्वाराहाट, नगर पंचायत भिकियासैंण तथा नगर पंचायत चौखुटिया सम्मिलित हैं। इस क्षेत्र के लिए संयुक्त निदेशक, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, चौबटिया को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नियुक्त सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड द्वारा निर्धारित कार्यक्रम एवं निर्देशों के अनुसार निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


