
अल्मोड़ा। सोमेश्वर तहसील क्षेत्र में मंगलवार तड़के अतिवृष्टि के कारण एक आवासीय भवन ढह जाने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन, राजस्व विभाग और जिला आपदा प्रबंधन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार घटना मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे सोमेश्वर तहसील के पटलीयाबगड़ क्षेत्र के वड्यूड़ा गांव में हुई, जहां अतिवृष्टि के चलते एक आवासीय भवन पूरी तरह ध्वस्त हो गया। हादसे के समय भवन में सो रहे तीनों लोग मलबे में दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 42 वर्षीय प्रेमा देवी पत्नी राजेंद्र राम, 19 वर्षीय कल्पना आर्या पुत्री राजेंद्र राम तथा 18 वर्षीय मनीष कुमार पुत्र राजेंद्र राम के रूप में हुई है। रिपोर्ट के अनुसार घटना में कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन, राजस्व विभाग, जिला आपदा प्रबंधन की टीम और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि यह प्रारंभिक सूचना है और आवश्यक होने पर आगे संशोधित जानकारी अलग से जारी की जाएगी।

