
अल्मोड़ा। नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने मंगलवार को नो पार्किंग क्षेत्रों में सघन अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले 47 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर चलाए गए अभियान में यातायात पुलिस और कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। प्रभारी इंटरसेप्टर सुमित पांडे और चौकी प्रभारी धारानौला उपनिरीक्षक आनंद बल्लभ कश्मीरा के नेतृत्व में माल रोड और धारानौला क्षेत्र के नो पार्किंग जोन में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े पाए जाने पर 47 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अवैध पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है, इसलिए ऐसे मामलों में लगातार सख्ती बरती जाएगी। अल्मोड़ा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा करने से बचें और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि नगर में यातायात व्यवस्था सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।


