
अल्मोड़ा। असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, अल्मोड़ा ने मानवीय पहल करते हुए 21 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी है। यह राशि सोसाइटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने स्वेच्छा से सहयोग जुटाकर एकत्रित की।
रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष आशीष वर्मा ने कहा कि प्राकृतिक आपदाएं किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं होतीं और ऐसे समय में समाज के प्रत्येक वर्ग का दायित्व है कि वह प्रभावित लोगों के साथ खड़ा हो। उन्होंने कहा कि असम के बाढ़ प्रभावित परिवार कठिन दौर से गुजर रहे हैं और उनके दुख-दर्द को कम करने के लिए सदस्यों ने अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहयोग दिया है।
सोसाइटी के सचिव विनीत बिष्ट ने कहा कि रेड क्रॉस का मूल उद्देश्य आपदा और संकट की घड़ी में मानव सेवा करना है। उन्होंने कहा कि सहायता राशि का आकार नहीं, बल्कि उसके पीछे की संवेदनशीलता और सेवा भावना अधिक महत्वपूर्ण होती है। असम के बाढ़ पीड़ितों के लिए दिया गया यह सहयोग सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय सरोकार का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि भविष्य में भी किसी भी प्राकृतिक आपदा या जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए रेड क्रॉस सोसाइटी हरसंभव सहयोग करती रहेगी।
इस सहयोग अभियान में आशीष वर्मा, मनोज सनवाल, विनीत बिष्ट, दीप जोशी, हरीश कनवाल, अर्जुन बिष्ट, अभिषेक जोशी, अनुप शाह, मोहन कांडपाल, भैरव गोस्वामी, मनोज भंडारी, ललित मोहन जोशी, चंदन सिंह मेहता, गिरीश मल्होत्रा, मोनू साह और बी.एस. मनकोटी सहित अन्य सदस्यों ने योगदान दिया।
रेड क्रॉस सोसाइटी की इस पहल को मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व का सराहनीय उदाहरण बताते हुए सदस्यों ने कहा कि आपदा की घड़ी में जरूरतमंदों की सहायता करना ही सच्ची मानव सेवा है।

