
अल्मोड़ा। पुलिस लाइन अल्मोड़ा में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने पुलिस जवानों के साथ दौड़ लगाकर फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल को नियमित शारीरिक अभ्यास के लिए प्रेरित करते हुए बेहतर शारीरिक और मानसिक दक्षता बनाए रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत एसएसपी द्वारा परेड का निरीक्षण करने से हुई। इसके बाद उन्होंने स्वयं जवानों के साथ दौड़ लगाई। परेड के दौरान पुलिस कर्मियों से दौड़, तेज चाल, ड्रिल, स्क्वाड ड्रिल और शस्त्राभ्यास कराया गया तथा अनुशासन और कार्यकुशलता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। परेड के दौरान पुलिस बल को विभिन्न शस्त्रों, उनमें प्रयुक्त कारतूस, वेपन हैंडलिंग और शस्त्रों के सुरक्षित संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। अधिकारियों ने शस्त्र संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने पर विशेष बल दिया। परेड के बाद एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने पुलिस लाइन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रतिसार निरीक्षक रमेश चंद्र को पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह, पुलिस उपाधीक्षक बलवंत सिंह रावत, पुलिस उपाधीक्षक भावना कैंथोला, पुलिस उपाधीक्षक राजीव कुमार टम्टा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर, प्रतिसार निरीक्षक रमेश चंद्र सहित जनपद के सभी थाना एवं कोतवाली प्रभारी, पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय, फायर स्टेशन, एसडीआरएफ, पीएसी और संचार शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


