
देहरादून(आरएनएस)। प्रेमनगर में दशहरा मैदान के पास बुधवार देर रात एक थार कार में आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी धू-धू कर जल उठी। आधी रात को आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। इंस्पेक्टर प्रेमनगर नरेश राठौर ने बताया कि घटना बुधवार रात करीब 12:30 बजे की है। पुलिस कंट्रोल रूम को रात 12:50 बजे एक स्थानीय कॉलर ने सूचना दी कि दशहरा ग्राउंड विंग नंबर-एक के पास खड़ी थार गाड़ी दिल्ली नंबर की कार में अचानक आग लग गई है।कार स्थानीय निवासी अमनदीप सिंह पुत्र रणजीत सिंह की है, जिसे उन्होंने आग लगने का पता लगने से कुछ मिनट पहले ही लाकर पार्क किया था। गाड़ी से आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलते ही प्रेमनगर कोतवाली से रात्रि अधिकारी शोभा मेहता संग पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया, लेकिन तब तक थार गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। आग किन कारणों से लगी या किसी ने लगाई या यह कोई हादसा था, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर मामले की गहनता से जांच कर रही है।


