
रुद्रपुर(आरएनएस)। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के बाद रामलीला मैदान के कथित शुद्धीकरण के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को तहसील में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि भाजपा ने शुद्धीकरण करके न केवल खरगे का, बल्कि देश के अनुसूचित जाति समाज के सम्मान, स्वाभिमान और संविधान की मूल भावना का भी अपमान किया है। इसके लिए अनुसूचित जाति के लोग भाजपा को कभी माफ नहीं करेंगे। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।
नानकमत्ता के विधायक गोपाल सिंह राणा ने कहा कि भारत का संविधान हर नागरिक को समानता, सम्मान और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है। ऐसे कृत्य सामाजिक भाईचारे को कमजोर करते हैं और जातिगत भेदभाव की मानसिकता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की। प्रदर्शन में कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार, नरेन्द्र कुमार आर्या, दान सिंह राणा, उमेश सिंह राठौर, नासिर खान, प्रवीण बिष्ट, विक्रम सिंह, बीना राना, मनोज कोहली, अनिरुद्ध भारती, ताहिर, डॉ. विनोद, प्रदीप कुमार, मुकेश कुमार, छोटेलाल यादव, मान सिंह, विनोद चंद, सतपाल राणा, सिमरन लाहौरिया, वरुण कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।

