
हरिद्वार(आरएनएस)। फेरूपुर चौकी क्षेत्र में चार साल की मासूम बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक बच्ची को बहला-फुसलाकर स्कूल के पीछे ले गया और उसके साथ गलत करने की कोशिश की। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंची महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की। बच्ची को बचाने पहुंचे प्रधान पति के साथ भी मारपीट और गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पथरी थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक व्यक्ति की चार वर्षीय बेटी अपनी मां के साथ स्कूल परिसर में गई थी। स्कूल में बना पंचायत घर में एसआईआर फार्म जमा करने का कार्य चल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान बादशाहपुर निवासी एक युवक बच्ची को बहला-फुसलाकर स्कूल के पीछे ले गया और उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर वहां से गुजर रही एक महिला मौके पर पहुंची।
आरोप है कि महिला ने बच्ची को युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा और शोर मचा दिया। शोर सुनकर बच्ची की मां भी मौके पर पहुंच गई। महिला और मां ने बच्ची को युवक से छुड़ाया। घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत घर में मौजूद प्रधान पति साजिद अंसारी भी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने युवक का विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ तथा मौके पर मौजूद दो महिलाओं के साथ मारपीट कर दी।
शोर सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि मौके से जाते समय युवक ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पड़कर पिटाई कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर फेरूपुर चौकी प्रभारी विपिन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद बच्ची के परिजन, ग्राम प्रधान और ग्रामीण फेरूपुर चौकी पहुंचे तथा आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बच्ची के पिता की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

