
अल्मोड़ा। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तराखंड के आह्वान पर प्रदेशभर के साथ जनपद अल्मोड़ा के फार्मेसी अधिकारी भी अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज करेंगे। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डी.के. जोशी ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशन में जनपद में प्रस्तावित सभी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों में फार्मेसी अधिकारी बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि लंबे समय से विभिन्न मांगों को लेकर शासन और सरकार को ज्ञापन एवं पत्र भेजे जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के विरोध में प्रदेशव्यापी आंदोलन का निर्णय लिया गया है। फार्मेसी अधिकारियों की प्रमुख मांगों में एमएसीपी के तहत 10, 16 और 26 वर्ष की सेवा पूरी होने पर पदोन्नति पद का वेतनमान प्रदान करना, संवर्ग के समाप्त किए गए 391 पदों को पुनर्जीवित करना तथा असम सहित अन्य राज्यों की तर्ज पर विशेष परिस्थितियों में फार्मेसी अधिकारियों को चुनिंदा औषधियां लिखने का अधिकार देना शामिल है। इसके अलावा एसोसिएशन ने पीपीआर-2015 को लागू करने, चारधाम यात्रा मार्ग, चिकित्सालयों, वीआईपी ड्यूटी, खेल प्रतियोगिताओं तथा चिकित्सकों की अनुपस्थिति के दौरान फार्मेसी अधिकारियों की ड्यूटी व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुगम बनाने की मांग भी उठाई है। डी.के. जोशी ने कहा कि यदि सरकार और शासन स्तर पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो अल्मोड़ा के फार्मेसी अधिकारी भी प्रदेशव्यापी आंदोलन में पूरी मजबूती के साथ भाग लेकर अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन करेंगे।



