
रुड़की(आरएनएस)। तिरंगा यात्रा के दौरान रंजिश को लेकर युवकों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद से मौके पर अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि मारपीट में शामिल युवक सालियर और रामपुर चुंगी क्षेत्र के निवासी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों गुटों के बीच रंजिश चली आ रही है। शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान सालियर के पास युवकों के दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुए विवाद से तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों के बीच भी अफरातफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया।बताया जा रहा है कि विवाद में शामिल युवक रामपुर चुंगी और सालियर क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर काफी समय से तनातनी चली आ रही है। पहले भी कई बार दोनों पक्षों के बीच विवाद और कहासुनी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। चर्चा है कि विवाद पिछले दिनों जेल के बाहर हुई फायरिंग की घटना से जुड़ा है। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही विवाद की सही वजह का पता चल सकेगा। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

