
अल्मोड़ा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को रामकृष्ण कुटीर, अल्मोड़ा में ध्वजारोहण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में महापौर अजय वर्मा मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ स्वामी ध्रुवेशानंद, स्वामी मायाधीशानंद महाराज, डॉ. ललित चंद्र जोशी, डॉ. चंद्र प्रकाश फुलोरिया और पार्षद अर्जुन बिष्ट मंच पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन स्वामी मायाधीशानंद महाराज ने किया। मुख्य अतिथि महापौर अजय वर्मा ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रो. कल्याणमय सरकार (बांग्लादेश) ने आध्यात्मिक मूल्यों को राष्ट्र की प्रगति का आधार बताया, जबकि मैत्रेयी (अमेरिका) ने स्वतंत्रता संग्राम में शहीदों के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कुटीर के अध्यक्ष स्वामी ध्रुवेशानंद महाराज ने अतिथियों का स्वागत करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। डॉ. चंद्र प्रकाश फुलोरिया ने स्वदेश मंत्र का पाठ कराया तथा डॉ. ललित चंद्र जोशी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज लोधिया के विद्यार्थियों और विवेकानंद सर्किट के सदस्यों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। समारोह में राजू महाराज, अमन कुमार, नीरज भट्ट, हरीश, नेहा, कीर्ति, प्रमोद, महावीर ध्रुव सहित कुटीर के श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


